जिला न्यायालय पन्ना में मनाया गया संविधान दिवस, प्रस्तावना का हुआ सामूहिक वाचन
नेशनल लोक अदालत की सफलता के लिए हुई बैठक

पन्ना आज संविधान दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर, पन्ना में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शरतचंद्र सक्सेना सहित समस्त न्यायाधीश एवं अधिवक्तागण, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता, न्यायालयीन कर्मचारीगण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि हमारा संविधान देश के लोकतांत्रिक शासन की आधारशिला है। यह प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ समानता, सामाजिक न्याय एवं गरिमापूर्ण जीवन का मार्ग प्रशस्त करता है। संविधान हमें न केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करता है, बल्कि कर्तव्यों के निर्वहन एवं राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की प्रेरणा भी देता है।
इसी क्रम में आज आगामी 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत को सफल बनाने एवं अधिकाधिक प्रकरणों के आपसी राजीनामे के आधार पर निराकरण के उद्देश्य से अधिवक्ता संघ पन्ना, क्लेम प्रकरणों से संबंधित अधिवक्ताओं एवं बीमा कंपनियों के अधिवक्ताओं के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अवधेश कुमार श्रीवास्तव द्वारा की गई। बैठक में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अशोक सक्सेना, जिला विधिक सहायता अधिकारी अतुल सेन उपाध्यक्ष अधिवक्ता संघ साक्षी दुबे, सचिव अधिवक्ता संघ राहुल खरे सहित बीमा कंपनी के अधिवक्ता किशोर श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी नेशनल लोक अदालत के माध्यम से मोटर दुर्घटना दावा (क्लेम) प्रकरणों सहित अन्य उपयुक्त प्रकरणों के अधिकाधिक निराकरण के संबंध में विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। विशेष रूप से ऐसे क्लेम प्रकरणों को चिन्हित कर आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर निराकृत किए जाने पर जोर दिया गया, जिनमें किसी प्रकार का वैधानिक विवाद, पॉलिसी ब्रीच अथवा आवश्यक दस्तावेजों की कमी नहीं है तथा जिनका निराकरण पक्षकारों की आपसी बातचीत से संभव है। बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि बीमा कंपनियों के अधिवक्ता, क्लेम प्रकरणों से संबंधित अधिवक्तागण एवं संबंधित पक्षकार आपसी समन्वय स्थापित कर प्रकरणों के शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण की दिशा में सकारात्मक पहल करें, ताकि पीड़ित पक्षकारों को अनावश्यक विलंब एवं न्यायालयीन प्रक्रिया से राहत मिल सके तथा उन्हें समय पर न्याय प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर जिला न्यायाधीश द्वारा उपस्थित अधिवक्तागण को नेशनल लोक अदालत की सफलता हेतु आवश्यक सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही अधिवक्ताओं द्वारा भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए गए। सभी उपस्थित सदस्यों ने आगामी नेशनल लोक अदालत में अधिकाधिक उपयुक्त प्रकरणों का आपसी राजीनामे के माध्यम से निराकरण कराने के लिए सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता का आश्वासन दिया।




