पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

सिलधरा में 10 लाख के सामुदायिक भवन का भूमिपूजन, दीवारी नृत्य से सजी बुंदेली संस्कृति की छटा

पन्ना। पहाड़ीखेरा क्षेत्र के ग्राम सिलधरा में विकास कार्यों के साथ बुंदेली लोक संस्कृति को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। यहां पन्ना विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नवीन सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही आयोजित दीपावली मिलन एवं दीवारी समारोह में ग्रामीणों ने पारंपरिक लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण होती हैं। इस भवन के निर्माण से ग्रामीणों को बैठकों, सामाजिक आयोजनों और अन्य कार्यक्रमों के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाओं का लाभ मिल सके। दीवारी नृत्य की परंपरा पर प्रकाश डालते हुए विधायक ने कहा कि बुंदेलखंड की लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं। दीवारी नृत्य केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि क्षेत्र के शौर्य, उत्साह, भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। दीपावली के अवसर पर गांव-गांव में होने वाले ऐसे आयोजन पुरानी परंपराओं को जीवंत रखते हैं। नई पीढ़ी को भी इनसे जोड़ना जरूरी है, ताकि बुंदेली संस्कृति की विरासत आगे बढ़ती रहे। समारोह में दीवारी नृत्य दलों ने पारंपरिक वेशभूषा और ढोल-नगाड़ों की थाप पर आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। इससे पूरा आयोजन बुंदेली संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक समारोह में भागीदारी की। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष धीरू बाजपेयी, बृजमोहन यादव, ग्राम सरपंच ज्योति राजेश यादव, सचिव बाबूलाल अहिरवार सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button