संविधान के जरिए सभी नागरिकों को मिले हैं समान अधिकार एवं कर्त्तव्य: सांसद श्री शर्मा
टाउन हॉल में आयोजित हुआ संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम

पन्ना: सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा है कि भारतीय संविधान के प्रति सम्मान और जागरूकता हर नागरिक के लिए जरूरी है। देश के संविधान ने नागरिकों को समान मौलिक अधिकार के साथ कर्त्तव्य भी प्रदान किए हैं। संविधान हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व का बोध भी कराता है। सांसद श्री शर्मा ने गुरूवार को संविधान दिवस के मौके पर टाउन हाल पन्ना में आयोजित संविधान गौरव दिवस के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने संविधान दिवस का महत्व बताते हुए कहा कि संविधान सभा द्वारा 26 नवम्बर 1949 को संविधान को अंगीकार करने के फलस्वरूप इसे देशभर में 26 जनवरी 1950 से लागू किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आमजनों को संविधान के प्रति जागरूक करने व इसकी महत्ता से अवगत कराने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष संविधान दिवस के गरिमामय आयोजन का निर्णय लिया गया है। सांसद श्री शर्मा ने कहा कि देश और समाज कानून के दायरे में रहकर संचालित है। संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अम्बेडकर का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रत्येक विद्यार्थियों को संविधान निर्माता डॉ. अम्बेडकर की जीवनी का अध्ययन भी जरूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा डॉ. अम्बेडकर से जुड़े स्थानों को चिरस्थायी बनाने का कार्य किया गया। आज हर समाज एवं वर्ग के लोगों को प्रभावी रूप से सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संविधान की भावना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है। केन्द्र सरकार द्वारा सभी वर्ग को समान अधिकार एवं अवसर उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है। डॉ. अम्बेडकर को उनके महान कार्यों पर सम्मानस्वरूप मिले भारत रत्न का जिक्र करते हुए सांसद ने उपस्थितजनों को संविधान दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा मौलिक अधिकारों का बेहतर निर्वहन करने और कानून का पालन कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने का संकल्प भी दिलाया।

इस अवसर पर पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि संविधान सभा ने दुनिया का सबसे बड़ा संविधान तैयार कर देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया है। संविधान में देश की विभिन्न विविधताओं का समावेश है। इस बड़े लोकतांत्रिक देश में सभी समाज, धर्म और वर्ग के लोगों को एक समान अवसर उपलब्ध कराया गया है। वास्तव में बड़े लोकतांत्रिक देश के साथ न्यायपालिका का बेहतर संचालन भी देश के संविधान की देन है। कार्यक्रम में सांसद श्री शर्मा द्वारा संविधान दिवस की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष मीना राजे, सतानंद गौतम, रामबिहारी चौरसिया सहित प्रभारी कलेक्टर उमराव सिंह मरावी, पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ, अपर कलेक्टर मधुवंतराव धुर्वे, कमल लालवानी, राजेन्द्र कुशवाहा, शारदा पाठक, सुशील त्रिपाठी, अधिवक्ता विनोद तिवारी, संजय सिंह व बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अधिकारी व कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।
क्रमांक/100/1402/फोटो क्रमांक 01 एवं 02 संलग्न है/




