संविधान दिवस पर महाविद्यालय में हुईं विभिन्न प्रतियोगिताएं, विद्यार्थियों ने लिया बढ़-चढ़कर हिस्सा

पन्ना। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस छत्रसाल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पन्ना में संविधान दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। यूथ रेडक्रॉस सोसायटी एवं राजनीति विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संविधान के प्रति जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. जे.के. वर्मा के नेतृत्व में संविधान की उद्देशिका के सामूहिक वाचन एवं शपथ के साथ हुआ। उन्होंने कहा कि संविधान लोकतंत्र की आत्मा है, जो समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है। प्रशासनिक अधिकारी डॉ. पी.पी. मिश्रा ने विद्यार्थियों से संवैधानिक आदर्शों एवं नागरिक कर्तव्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। यूथ रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव डॉ. नीरज जैन ने रक्तदान और मानव सेवा के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर युवा संसद, युवा संवाद, भाषण, निबंध, पोस्टर निर्माण, वाद-विवाद एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के बाद प्राध्यापक एवं विद्यार्थी टाउन हॉल पहुंचे, जहां सांसद बी.डी. शर्मा की उपस्थिति में संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया। इस दौरान डॉ. राजेश पटेल, डॉ. रावेन्द्र पाठक, डॉ. पियूषा शर्मा, डॉ. आशीष पटेल, डॉ. सुजा सुकुमारन, डॉ. सूरज पटेल, डॉ. अरविंद तिवारी, डॉ. प्रदीप रावत एवं डॉ. बरदानी प्रजापति सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।




