जे.के. सीमेंट ने विशेष बच्चों के साथ मनाई दिवाली, बांटी मिठाई और गर्म कपड़े
सी.डब्ल्यू.एस.एन. बालक छात्रावास में आयोजित हुआ दीपोत्सव कार्यक्रम

पन्ना। दीपावली का पर्व खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के जीवन में उजाला लाने का संदेश देता है। इसी भावना के साथ जे.के. सीमेंट द्वारा शासकीय सी.डब्ल्यू.एस.एन. बालक छात्रावास पन्ना में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के साथ दीपावली उत्सव मनाया गया। इस दौरान बच्चों को मिठाई, गर्म कपड़े और स्कूल किट वितरित कर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा की गईं। कार्यक्रम के दौरान जे.के. सीमेंट की ओर से छात्रावास में निवासरत बच्चों को आगामी सर्दी के मौसम को देखते हुए गर्म हुडीज एवं जैकेट प्रदान की गईं। वहीं उनकी पढ़ाई को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्कूल किट भी वितरित की गईं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और मुस्कान दिखाई दी। कंपनी के प्रतिनिधियों ने बच्चों के साथ समय बिताकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम जिला परियोजना समन्वयक सुश्री किरण कौशिक के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से आयोजित किया गया। इस अवसर पर बीआरसीसी पवई गोविंद तिवारी, एपीसी राणा प्रताप सिंह एवं संतोष जडिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने जे.के. सीमेंट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के साथ त्योहार मनाना और उनके जीवन में खुशियां लाने का प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम को सफल बनाने में छात्रावास के वार्डन रामकृष्ण यादव, सहायक वार्डन आशीष सोनी तथा समस्त छात्रावास स्टाफ का विशेष योगदान रहा। छात्रावास प्रबंधन और उपस्थित अतिथियों ने जे.के. सीमेंट परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कंपनी की सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता का संदेश भी सामने आया। जे.के. सीमेंट की इस पहल ने यह दर्शाया कि त्योहारों की असली खुशी दूसरों के साथ खुशियां बांटने और समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनत्व का एहसास कराने में है।




