धर्मपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

देवेंद्रनगर में श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य शुभारंभ

ध्वजारोहण, श्रीजी का अभिषेक एवं पूजन के साथ शुरू हुआ आठ दिवसीय धार्मिक आयोजन

जैन समाज में उत्साह का माहौल

देवेंद्रनगर। नगर के 1008 चंदाप्रभु दिगंबर जैन मंदिर में 10 से 17 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान एवं भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह का श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ शुभारंभ हुआ। इस धार्मिक आयोजन को लेकर सकल दिगंबर जैन समाज में विशेष उत्साह है तथा पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। यह भव्य आयोजन आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज की प्रेरणा एवं आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज के मंगल आशीर्वाद से संपन्न हो रहा है। आयोजन में आर्यिका श्री अक्षयमति माताजी एवं आर्यिका श्री निर्मदमति माताजी का पावन सानिध्य प्राप्त हो रहा है। धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में 9 नवंबर को प्रातःकाल भव्य घट यात्रा निकाली गई।

वहीं 10 नवंबर को प्रातःकालीन बेला में माताजी के सानिध्य में ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न हुआ। ध्वजारोहण करने का सौभाग्य श्रीमती पुष्पा विजय जैन, श्रीमती रश्मि आशीष जैन, अभिषेक (गोलू-मोलू), महावीर ज्वेलर्स सतना एवं मनीष जैन, डॉक्टर ओशी जैन, अमाख्य, मनाविक एवं अनुकम्पा हॉस्पिटल सागर परिवार को प्राप्त हुआ। इसके पश्चात श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा, पूजन एवं श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। विधान के धार्मिक अनुष्ठान एवं अर्घ्य समर्पण की प्रक्रिया बाल ब्रह्मचारी अंकित भैया भिलाई, बाल ब्रह्मचारी संजीव भैया कटंगी एवं विकास भैया द्वारा संपन्न कराई गई। इस अवसर पर आर्यिका श्री अक्षयमति माताजी ने अपने मंगल प्रवचनों में श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए इसके आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। दोपहर में भैया जी के मार्गदर्शन में भक्ताम्बर विधान का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। पूरे आयोजन के दौरान इंद्र-इंद्राणियों, श्रावक-श्राविकाओं, जैन समाज के युवक-युवतियों, बच्चों एवं बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। संगीतमय भजनों और धार्मिक धुनों के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते, गाते और नृत्य करते हुए विधान की पूजा-अर्चना करते नजर आए। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की चहल-पहल बनी रही। आठ दिवसीय इस धार्मिक आयोजन से देवेंद्रनगर का वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो गया है। आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों एवं पिच्छिका परिवर्तन समारोह के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्मलाभ प्राप्त होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button