धर्मपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कराजनीती

गौसेवा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का संकल्प

गोवर्धन पूजा में शामिल हुए विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह

अजयगढ़। ग्राम देवगांव स्थित श्री सिद्धनाथ गौशाला में गोवर्धन पूजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह शामिल हुए। उन्होंने गौमाता का पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान गौसेवा, गौसंरक्षण और पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने का संकल्प भी दोहराया गया। कार्यक्रम में बुंदेली लोकसंस्कृति की आकर्षक झलक देखने को मिली। कलाकारों ने पारंपरिक दीवारी नृत्य की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। लोकगीतों और पारंपरिक वेशभूषा से सजे इस आयोजन में क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत जीवंत नजर आई। इस अवसर पर विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने गौसेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले गौसेवकों तथा उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादन करने वाले गोपालकों को शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि गौसेवा हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। वहीं पशुपालन और दुग्ध उत्पादन ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।

विधायक ने बताया कि पन्ना जिले में गुजरात के बनासकांठा की बनास डेयरी के सहकारी मॉडल की तर्ज पर आधुनिक एवं वृहद डेयरी प्लांट स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर मांग रखी है। प्रस्ताव के तहत 180 एकड़ भूमि पर पांच हजार गोवंश की क्षमता वाले गौ अभयारण्य को आधुनिक डेयरी उद्योग और दुग्ध प्रसंस्करण केंद्र से जोड़ने की योजना है। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था विकसित होने से गौवंश संरक्षण के साथ दुग्ध उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन को बढ़ावा मिलेगा। इससे किसानों और पशुपालकों को दूध का उचित मूल्य मिलने के साथ रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं। विधायक ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह को पन्ना आगमन का आमंत्रण भी दिया है। इस दौरान अमावस्या के अवसर पर श्री श्री 1008 श्री जुगल किशोर जी सरकार मंदिर में खीर प्रसाद का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में नगर पंचायत अजयगढ़ अध्यक्ष श्रीमती सीता सरोज गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष शीलू श्रीवास्तव, जिला पंचायत सदस्य संतोष यादव, वृंदावन पटेल सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, गौसेवक, गोपालक, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button