नजरबाग खेल मैदान में स्थानीय खिलाड़ियों को समान अवसर देने की मांग
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर और एसपी को सौंपा ज्ञापन, खेल सुविधाओं और चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग

पन्ना। नजरबाग खेल मैदान एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग की खेल सुविधाओं में स्थानीय खिलाड़ियों को पर्याप्त अवसर नहीं मिलने की शिकायत को लेकर कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि पन्ना में अन्य जिलों से आने वाले खिलाड़ियों को ठहराने के साथ प्रशिक्षण और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जबकि स्थानीय खिलाड़ियों को अपेक्षित अवसर नहीं मिल पा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने जिम, इंडोर स्टेडियम और बैडमिंटन सहित अन्य खेल सुविधाओं के उपयोग में भी पारदर्शिता सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। ज्ञापन में खिलाड़ियों के चयन और प्रशिक्षण प्रक्रिया की जांच कराने, खेल सुविधाओं के उपयोग से संबंधित नियमों एवं पात्रता की जानकारी सार्वजनिक करने तथा स्थानीय खिलाड़ियों को समान अवसर उपलब्ध कराने की मांग की गई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए चयन और प्रशिक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी एवं निष्पक्ष होना जरूरी है। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया तो कांग्रेस द्वारा सत्याग्रह, आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि स्थानीय खिलाड़ियों के हितों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक श्रीकांत दुबे, राज बहादुर पटेल, स्वतंत्र प्रभाकर अवस्थी, रेहान मोहम्मद, कदीर खान, अंकित शर्मा, भूपेंद्र सिंह परमार, अक्षय तिवारी, सौरभ पटेरिया, रमन दीक्षित और रियासत खान सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।



