UP News: आईटीआई प्रवेश के पांचवें चरण की प्रक्रिया शुरू, 11 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन

UP News: उत्तर प्रदेश में आईटीआई में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जरूरी खबर है। प्रदेश के राजकीय और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों यानी आईटीआई में प्रशिक्षण सत्र 2026-27 के पंचम चरण की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। चतुर्थ चरण के बाद खाली बची सीटों को भरने के लिए यह प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 6 अक्टूबर से 11 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन और विकल्प भर सकेंगे।
राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (SCVT), उत्तर प्रदेश के अनुसार इस चरण में पहले से पंजीकृत लेकिन प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों के साथ-साथ नए अभ्यर्थियों को भी मौका दिया गया है। अभ्यर्थी परिषद की वेबसाइट www.scvtup.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थी नए विकल्प भर सकेंगे
पंचम चरण में राजकीय आईटीआई के उन अभ्यर्थियों को विशेष मौका दिया गया है, जो पहले, दूसरे या तीसरे चरण में अचयनित रह गए थे या चयन होने के बावजूद आईटीआई में प्रवेश नहीं ले पाए थे। ऐसे अभ्यर्थी अपनी पंजीकरण संख्या और जन्मतिथि दर्ज करके उपलब्ध रिक्त सीटों और पसंद के संस्थानों के लिए नए विकल्प भर सकेंगे।
अभ्यर्थियों को अपने लिंग, उपवर्ग और शैक्षिक योग्यता से जुड़ी जानकारी को भी दोबारा दर्ज करने का अवसर मिलेगा। अगर कोई अभ्यर्थी नए विकल्प नहीं भरता है तो उसे उसके मूल आवेदन में दर्ज विकल्पों के आधार पर ही पंचम चरण की सीट आवंटन प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
इसके अलावा राजकीय आईटीआई में पहले प्रवेश लेने के बाद किसी कारण से अपना नाम कटवा चुके अभ्यर्थी भी इस चरण में दोबारा प्रवेश के लिए आवेदन कर सकेंगे।
नए अभ्यर्थियों के लिए भी खुला आवेदन का रास्ता
इस चरण में पहली बार आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को भी मौका दिया गया है। राजकीय और निजी दोनों आईटीआई में प्रवेश के लिए नए अभ्यर्थी परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन फॉर्म भर सकेंगे।
आवेदन पूरा करने के बाद अभ्यर्थी डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग या UPI के माध्यम से यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के पेमेंट गेटवे से आवेदन शुल्क जमा कर सकेंगे। शुल्क का भुगतान करने के बाद आवेदन पत्र का प्रिंटआउट भी निकाला जा सकेगा।
जानें किस वर्ग के लिए कितना आवेदन शुल्क
आईटीआई प्रवेश के पंचम चरण के लिए अलग-अलग श्रेणियों के अनुसार आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है। सामान्य और पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को 300 रुपये शुल्क देना होगा। वहीं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 250 रुपये रखा गया है। सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है।
ऑनलाइन आवेदन और विकल्प भरने की प्रक्रिया 11 अक्टूबर 2026 की रात 12 बजे तक जारी रहेगी। इसलिए अभ्यर्थियों को अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह दी गई है।
वेबसाइट पर देख सकेंगे खाली सीटों की जानकारी
चतुर्थ चरण के बाद बची सीटों की जानकारी भी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन उपलब्ध कराई जाएगी। परिषद की वेबसाइट पर जनपदवार, संस्थानवार और व्यवसायवार रिक्त सीटों का विवरण देखा जा सकेगा। इसके अलावा अभ्यर्थी संबंधित आईटीआई के कार्यालय से भी खाली सीटों की जानकारी ले सकते हैं।
प्रदेश के सभी राजकीय और निजी आईटीआई के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने संस्थान में उपलब्ध रिक्त सीटों की व्यवसायवार और अपडेट जानकारी सूचना पट पर प्रदर्शित करें। इससे अभ्यर्थियों को अपनी पसंद के संस्थान और ट्रेड का विकल्प चुनने में आसानी होगी।
कौशल प्रशिक्षण से रोजगार से जोड़ने पर जोर
उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को केवल पारंपरिक शिक्षा तक सीमित रखने के बजाय उन्हें व्यावसायिक और कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने पर जोर दे रही है। आईटीआई में तकनीकी प्रशिक्षण के जरिए युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार तैयार किया जाता है। इससे उनके लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
पंचम चरण में खाली सीटों पर प्रवेश होने से उन युवाओं को भी आईटीआई में प्रशिक्षण लेने का अवसर मिलेगा, जो पहले के चरणों में प्रवेश नहीं ले पाए थे। ऐसे अभ्यर्थी 6 से 11 अक्टूबर 2026 के बीच ऑनलाइन आवेदन कर अपनी पसंद के संस्थान और व्यवसाय के विकल्प भर सकते हैं।




