मकान से 239 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
आमघाट में दबिश देकर 27 कार्टून में रखे 1,328 क्वार्टर बरामद

1.79 लाख रुपये की शराब जब्त; आपूर्ति करने वाले तीसरे आरोपी की तलाश
पन्ना/सिमरिया। जिले में अवैध शराब के संग्रहण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिमरिया पुलिस ने ग्राम आमघाट में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक मकान में छिपाकर रखी गई 239.04 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत एक लाख 79 हजार 280 रुपये बताई गई है। मामले में शराब उपलब्ध कराने वाले तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चौहान के मार्गदर्शन में 27 अक्टूबर को सिमरिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम आमघाट निवासी जितेन्द्र सिंह गौर के मकान में बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखी गई है। सूचना पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र साक्षियों के साथ मौके पर पहुंचकर मकान की तलाशी ली। इस दौरान एक कमरे में दीवार के पास खाकी रंग के 27 कार्टून रखे मिले।
27 कार्टून में मिले गोवा कंपनी के 1,328 क्वार्टर
कार्टूनों की जांच करने पर गोवा कंपनी की अंग्रेजी शराब के 1,328 क्वार्टर बरामद हुए। प्रत्येक क्वार्टर 180 मिलीलीटर का था। इस प्रकार कुल 239.04 लीटर शराब जब्त की गई। पुलिस ने परीक्षण के लिए प्रत्येक कार्टून से दो-दो क्वार्टर नमूने लेकर विधिवत सीलबंद किए।
गिरफ्तार आरोपियों में जितेन्द्र सिंह गौर (28), पिता देवेन्द्र सिंह गौर, निवासी आमघाट तथा कमलेश लोधी (32), पिता अवधलाल लोधी, निवासी हरदुआ ब्यरमा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में जितेन्द्र ने अपने साथी कमलेश के साथ मिलकर गैसाबाद निवासी वीरेन्द्र पटेल से शराब खरीदकर मकान में छिपाने की बात कही। इसके आधार पर वीरेन्द्र पटेल को भी सह-आरोपी बनाया गया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
वैध लाइसेंस संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 42 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी माधवी अग्निहोत्री, सहायक उप निरीक्षक एच.सी. राठौर, प्रधान आरक्षक नवीन कुमार चौरसिया, सर्वेन्द्र कुमार, नीरज बागरी, आरक्षक श्याम सिंह, रामजी पटेल, अंकित पटेल, तुलसीदास एवं महिला आरक्षक पूजा साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




