धर्मपन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

अंतरराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव में रातभर गूंजे भक्ति के स्वर, रास-गरबा ने बांधा समां

महामति श्री प्राणनाथ जी की वाणी और बुंदेली भजनों पर झूमे श्रद्धालु

ब्रह्म चबूतरे पर सुबह तक चला गरबा

पन्ना। अंतरराष्ट्रीय शरद पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर श्री प्राणनाथ जी मंदिर परिसर में भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक परंपराओं का अद्भुत संगम देखने को मिला। रासमंडल के सामने आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पूरी रात भजनों और महामति श्री प्राणनाथ जी की वाणी का सुमधुर गायन होता रहा। वहीं देर रात शुरू हुए पारंपरिक रास-गरबा में सुंदरसाथ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत नन्हे-मुन्ने बच्चों की मनमोहक भजन प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद महिला एवं पुरुष कलाकारों ने महामति श्री प्राणनाथ जी की वाणी पर आधारित भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। बुंदेली भाषा में प्रस्तुत भजनों पर पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

रंग-बिरंगी वेशभूषा में सुबह तक चला रास-गरबा

रात्रि करीब एक बजे ब्रह्म चबूतरे के प्रांगण में पारंपरिक रास-गरबा शुरू हुआ, जो सुबह तक चलता रहा। रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाकों और सोलह शृंगार से सजी महिलाओं ने गरबा नृत्य में उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं पुरुष श्रद्धालु भी कुर्ता-पायजामा सहित पारंपरिक वेशभूषा में गरबा करते नजर आए।

ढोलक की थाप, झांझर की झंकार और गरबा गीतों की गूंज से पूरा प्रांगण भक्ति एवं उल्लास में डूबा रहा। देर रात से सुबह तक चले आयोजन में सुंदरसाथ की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने महोत्सव को विशेष बना दिया। शरद पूर्णिमा की पावन रात्रि में भजन, वाणी गायन और रास-गरबा के माध्यम से धार्मिक आस्था एवं सांस्कृतिक परंपराओं की अनूठी छटा देखने को मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button