पन्ना के नवागत एसपी सव्यसाची सराफ ने संभाला पदभार

पन्ना। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक आईपीएस सव्यसाची सराफ ने 3 नवंबर को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी सराफ के सामने अब जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। पदभार ग्रहण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वंदना चैहान, एसडीओपी आनंद तिवारी, रक्षित निरीक्षक आदित्य मिश्रा एवं कोतवाली थाना प्रभारी हेमंत नायक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने नवागत पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया। पदभार संभालने के साथ ही जिले में पुलिस प्रशासन की नई जिम्मेदारी आईपीएस सव्यसाची सराफ के हाथों में आ गई है। अब उनके नेतृत्व में जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आगामी रणनीति पर सभी की निगाहें रहेंगी।




