11 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच में जुटी पुलिस
स्कूल जाने के लिए निकली थी छठवीं की छात्रा, लटका मिला शव

पवई। पवई थाना क्षेत्र के ग्राम मेनहा में बुधवार को 11 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्रा घर में फंदे पर लटकी मिली। घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। जानकारी के अनुसार, सरस्वती प्रजापति (11), पिता ब्रजेश प्रजापति, मुड़वारी स्थित चंद्र ज्योति विद्या मंदिर में कक्षा छठवीं की छात्रा थी। पिता ब्रजेश प्रजापति ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह रोज की तरह ऑटो लेकर काम पर निकले थे। उस समय बेटी ने स्कूल जाने की बात कही थी, जबकि उसकी मां पानी लेने घर से बाहर गई हुई थीं। पिता के मुताबिक, स्कूल जाने के लिए वाहन नहीं मिलने के कारण सरस्वती वापस घर लौट आई थी। कुछ देर बाद जब उसकी मां पानी लेकर लौटीं और गायों को बांधने वाले स्थान पर पहुंचीं, तो बेटी को फंदे पर लटका देखा। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ब्रजेश प्रजापति ने बताया कि घर में किसी तरह का विवाद, मारपीट या डांट-फटकार नहीं हुई थी। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। पवई थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




