सीएम हेल्पलाइन की 37 शिकायतें लंबित, पन्ना तहसीलदार को कलेक्टर का नोटिस
अक्टूबर की ग्रेडिंग में डी श्रेणी मिलने पर अखिलेश प्रजापति से पूछंा कारण

तीन तहसीलदारों सहित आठ अधिकारियों को नोटिस
पन्ना। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण नहीं करने और विभागीय ग्रेडिंग में सुधार नहीं लाने पर कलेक्टर हर्ष सिंह ने पन्ना तहसीलदार अखिलेश प्रजापति सहित जिले के आठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। सभी अधिकारियों से तीन दिवस में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम 1966 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। पन्ना तहसीलदार अखिलेश प्रजापति को जारी नोटिस में विशेष रूप से सीएम हेल्पलाइन की 37 शिकायतों के लंबित रहने का उल्लेख किया गया है। नोटिस के अनुसार, अक्टूबर 2026 की विभागीय ग्रेडिंग में तहसील पन्ना को 52.45 अंक के साथ डी श्रेणी प्राप्त हुई। इसमें 50 दिन से अधिक समय से तहसील स्तर पर लंबित 37 शिकायतों का निर्धारित समय तक संतुष्टिपूर्ण निराकरण नहीं किया गया। इसके चलते जिले की ग्रेडिंग भी प्रभावित हुई। गौरतलब है कि तहसीलदार पन्ना अखिलेष प्रजापति लम्बे समय से पन्ना में जमे हैं, जिसके चलते उनकी मनमानी चरम पर है। लोगों के साथ अभद्रता और काम में टाला-मटोली की षिकायतें मिलती रहती है। बावजूद इसके उन पर कोई कार्यवाही नहीं होती। कलेक्टर पन्ना द्वारा तहसीलदार को नोटिस दिए जाने से लोगों को उम्मीद है कि अब जल्द ही उनकी पन्ना से विदाई भी हो सकती है। पन्ना तहसीलदार के अलावा तहसीलदार गुनौर हेमंत कुमार अवधिया और तहसीलदार अजयगढ़ सुरेन्द्र अहिरवार को भी नोटिस जारी किया गया है। इनके साथ जिला आपूर्ति अधिकारी राकेश कन्हौआ, विद्युत कंपनी के अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार निकोसे, उप संचालक कृषि ओ.पी. तिवारी, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन लता वर्मा और जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी शत्रुघन शुक्ला को भी जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर की इस कार्रवाई से सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों में जवाबदेही को लेकर सख्ती का संदेश गया है।




