जीरो मॉडल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया दीपोत्सव
रंगोली एवं दीप सजाओ प्रतियोगिताओं में बच्चों ने दिखाया हुनर

देवेंद्रनगर। नगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान जीरो मॉडल स्कूल देवेंद्रनगर में 05 नवंबर को दीपोत्सव कार्यक्रम हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के प्राचार्य रमेश अग्रवाल एवं विनोद तिवारी द्वारा मां वीणावादिनी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पण कर किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्चतर वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए दीप सजाओ, थाली सजाओ एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और आकर्षक रंग-बिरंगी रंगोलियों, सुंदर दीपों एवं सुसज्जित थालियों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
निर्णायक मंडल द्वारा सभी प्रस्तुतियों का निरीक्षण कर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए प्रतिभागियों का चयन किया गया।कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य रमेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों को दीपोत्सव एवं दीपावली पर्व के महत्व की जानकारी देते हुए स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि इस दीपावली पर चाइनीज सामान का बहिष्कार कर स्थानीय कुम्हारों द्वारा निर्मित मिट्टी के दीपक एवं घर में बने दीपकों का उपयोग करें। स्वदेशी वस्तुओं को अपनाकर ही आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं समर्थ भारत के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है।कार्यक्रम में विनोद तिवारी, नरेंद्र शर्मा, रमेश कुशवाहा, अनिल लुनिया, सुमित द्विवेदी, सभ्या शर्मा, प्रेमलता मिश्रा, रश्मि शुक्ला, निशि द्विवेदी, अनामिका गौतम, सुशीला पटेल, उपासना विश्वकर्मा, पूनम साहू एवं अभिलाषा शुक्ला सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य रमेश अग्रवाल ने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।




