जमुनहाई मोड़ के जंगल में फांसी पर लटका मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष, पहचान के लिए देवेंद्रनगर पुलिस ने जारी किया हुलिया

देवेंद्रनगर। थाना क्षेत्र के जमुनहाई मोड़ के पास जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर देवेंद्रनगर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवेंद्रनगर भिजवाया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने पहचान कराने के लिए उसका हुलिया और उसके पास मिली सामग्री का विवरण सार्वजनिक किया है। पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को जमुनहाई मोड़ के पास सड़क से करीब 100 मीटर अंदर जंगल में अज्ञात पुरुष का शव मिलने की सूचना मिली थी। मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष और कद करीब 5 फीट 7 इंच बताया गया है। शव की स्थिति के आधार पर पुलिस ने मृत्यु लगभग 10 से 15 दिन पूर्व होने की संभावना जताई है। मामले में मर्ग क्रमांक 45/26 के तहत भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 में कार्रवाई की जा रही है। मृतक ने भूरे रंग की चादर, काले रंग की हाफ जैकेट, कत्थई रंग के कपड़े और भूरे रंग की ऊनी टोपी पहन रखी थी। उसके पास बांस का डंडा, सफेद पतली तौलिया, सफेद झोला, दवाइयों की दो शीशियां, स्कैबीट्रीट लोशन और प्लास्टिक के जूते सहित अन्य सामग्री मिली है। थाना प्रभारी अनिल सिंह राजपूत ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति इस हुलिये के आधार पर मृतक को पहचानता हो या उसके लापता होने की जानकारी रखता हो, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। थाना प्रभारी से मोबाइल नंबर 9074742636 और 8319141801 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा पन्ना पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 7049101043 पर भी सूचना दी जा सकती है। जांचकर्ता प्रधान आरक्षक सतेंद्र बागरी से 7049142784 और 9399387780 पर संपर्क किया जा सकता है।




