अवैध उत्खनन और परिवहन पर खनिज विभाग का शिकंजा, छह वाहन जब्त
रामनई में एक्सकेवेटर मशीन, हाइवा और ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ीं

बीरा चैकी क्षेत्र में भी रेत-गिट्टी का अवैध परिवहन उजागर
पन्ना। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए छह वाहन और मशीनरी जब्त की है। कलेक्टर के निर्देश पर 12 नवंबर को विभागीय अमले ने तहसील अजयगढ़ के ग्राम रामनई और बीरा चैकी क्षेत्र में औचक कार्रवाई की। इस दौरान अवैध उत्खनन और खनिजों का परिवहन करते वाहन पकड़े गए। खनिज विभाग की टीम ने ग्राम रामनई में अवैध उत्खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मौके से एक एक्सकेवेटर मशीन, एक हाइवा और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की। कार्रवाई के बाद जब्त मशीनरी और वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से चंदौरा चैकी में खड़ा कराया गया।
इसी तरह विभागीय अमले ने भ्रमण के दौरान बीरा चैकी क्षेत्र में भी अवैध खनिज परिवहन करते वाहनों को पकड़ा। यहां रेत का अवैध परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और गिट्टी का परिवहन करते हुए एक हाइवा मिला। टीम ने इन तीनों वाहनों को भी जब्त कर सुरक्षार्थ बीरा चैकी में खड़ा कराया है। खनिज विभाग के अनुसार जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान खनिज अधिकारी शैलेन्द्र मिश्रा, खनिज निरीक्षक विनीत परोहा सहित विभागीय अमला मौजूद रहा।




