जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में पन्ना महाविद्यालय का दोहरा धमाका
पुरुष और महिला दोनों वर्गों में हासिल किया विजेता का खिताब

पन्ना। जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, छत्रसाल शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय पन्ना के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। शासकीय महाविद्यालय अजयगढ़ में 18 एवं 19 नवंबर को आयोजित प्रतियोगिता में पन्ना महाविद्यालय की टीम ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों में विजेता बनकर जिले में अपनी खेल प्रतिभा का परचम लहराया। इस दोहरी सफलता से महाविद्यालय परिवार में हर्ष और गौरव का माहौल है। उच्च शिक्षा आयुक्त, मध्यप्रदेश द्वारा जारी खेल कैलेंडर के अनुसार आयोजित प्रतियोगिता के पहले दिन 18 नवंबर को पुरुष वर्ग के मुकाबले हुए। इसमें जिले के पांच महाविद्यालयों पवई, अमानगंज, गुनौर, अजयगढ़ और पन्ना की टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबलों में पन्ना महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि शासकीय महाविद्यालय गुनौर की टीम उपविजेता रही। वहीं, 19 नवंबर को आयोजित महिला वर्ग की प्रतियोगिता में जिले के चार महाविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। इस वर्ग में भी पन्ना महाविद्यालय की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। शासकीय महाविद्यालय अजयगढ़ की टीम उपविजेता रही। इस तरह पन्ना महाविद्यालय ने दोनों वर्गों में खिताब जीतकर प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया। इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे.के. वर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, स्वस्थ शरीर और टीम भावना का विकास होता है। खिलाड़ियों की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। महाविद्यालय की इस उपलब्धि पर प्रशासनिक अधिकारियों, क्रीड़ा विभाग, प्राध्यापकों, कर्मचारियों और समस्त महाविद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




