देशव्यापी ‘स्टेयरिंग छोड़ो अभियान’ का पन्ना में भी असर, सड़कों पर खड़े रहे वाहन
15 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

पन्ना। ड्राइवरों की 15 सूत्रीय मांगों को लेकर देशभर में गुरुवार, 12 नवंबर से शुरू हुआ अनिश्चितकालीन ‘स्टेयरिंग छोड़ो अभियान’ अब पन्ना तक पहुंच गया है। आंदोलन के चलते जिले में भी वाहन चालकों ने अपने वाहन खड़े रखकर हड़ताल में सहभागिता की। वाहन चालकों के इस आंदोलन का असर परिवहन व्यवस्था पर दिखाई देने लगा है। आंदोलनकारी संगठनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। यह आंदोलन ‘ऑल इंडिया ड्राइवर ज्वाइंट कमेटी’ और ‘संपूर्ण भारत वाहन चालक कल्याण एकता संगठन’ के बैनर तले संचालित किया जा रहा है। प्रांतीय वाहन चालक संघ के उपाध्यक्ष कमलेश यादव और पन्ना जिला वाहन चालक संघ के अध्यक्ष महेंद्र अग्निहोत्री ने बताया कि वाहन चालक लंबे समय से अपनी सुरक्षा, सामाजिक सम्मान और कल्याणकारी सुविधाओं की मांग उठा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। आंदोलन की प्रमुख मांगों में राष्ट्रीय स्तर पर ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करना तथा केंद्र और राज्य सरकारों में अलग-अलग ड्राइवर आयोग का गठन करना शामिल है। इसके अलावा वाहन चालकों के हितों की सुरक्षा के लिए ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड बनाने, दुर्घटना एवं जीवन बीमा मुफ्त उपलब्ध कराने और 55 वर्ष की आयु के बाद पेंशन तथा सामाजिक सुरक्षा देने की मांग की जा रही है। वाहन चालकों ने विशेष हेल्थ कार्ड जारी करने और सभी सरकारी अस्पतालों में कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि नेशनल और स्टेट हाईवे पर चालकों के लिए सुरक्षित विश्राम गृह, पर्याप्त पार्किंग जोन, साफ-सुथरे शौचालय और रियायती दरों पर भोजन की व्यवस्था होनी चाहिए। लंबी दूरी तक वाहन चलाने वाले चालकों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलने से उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आंदोलनकारी चालकों का कहना है कि देश की अर्थव्यवस्था और माल एवं यात्री परिवहन व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन इसके बावजूद उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और भविष्य की चिंता नहीं की जा रही है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि शासन-प्रशासन ने 15 सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। फिलहाल पन्ना सहित देशभर के वाहन चालकों की निगाहें सरकार के रुख पर टिकी हैं।




