पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

देवेंद्रनगर में भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह

श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान के अंतर्गत निकली पिच्छिका एवं श्रीजी की भव्य रथयात्रा, विधायक डॉ. राजेश वर्मा रहे अतिथि

देवेंद्रनगर। नगर के 1008 चंदा प्रभु दिगंबर जैन मंदिर में 10 से 17 नवंबर 2026 तक आयोजित श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान के अंतर्गत रविवार, 15 नवंबर को भव्य पिच्छिका परिवर्तन समारोह का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन को लेकर सकल दिगंबर जैन समाज में उत्साह और भक्तिमय वातावरण बना रहा। यह आयोजन आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज की प्रेरणा एवं आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज के आशीर्वाद से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में आर्यिका 105 अक्षय मति माताजी एवं आर्यिका 105 निर्मद मति माताजी का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। समारोह में विधायक डॉ. राजेश वर्मा अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीजी के अभिषेक, पूजन एवं श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ हुआ। विधान के अर्घ्य बाल ब्रह्मचारी अंकित भैया भिलाई, बाल ब्रह्मचारी संजीव भैया कटंगी एवं विकास भैया द्वारा संपन्न कराए गए। पिच्छिका परिवर्तन समारोह का संचालन भी भैया जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर आर्यिका अक्षय मति माताजी ने अपने प्रवचनों में श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान की महिमा का वर्णन करते हुए पिच्छिका परिवर्तन के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। दोपहर 1 बजे पिच्छिका परिवर्तन समारोह का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पिच्छिका एवं श्रीजी की भव्य रथयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से रथयात्रा में सहभागिता कर धर्म लाभ प्राप्त किया।

आर्यिका 105 अक्षय मति माताजी की नवीन पिच्छिका का विमोचन युवा वर्ग एवं पुरानी कमेटी द्वारा किया गया। माताजी की पुरानी पिच्छिका प्राप्त करने का सौभाग्य श्रावक श्रेष्ठी डॉ. राजेश कुमार जैन परिवार को प्राप्त हुआ। वहीं नवीन पिच्छिका अर्पित करने का पुण्य लाभ संदीप जैन सांवरिया परिवार, अजीत जैन, श्रीमती शांति जैन, पदमा रानी, सुरेंद्र कुमार, सीमा, गौरी सहित अन्य श्रावक-श्राविकाओं, दिगंबर जैन ट्रस्ट कमेटी एवं युवा वर्ग को प्राप्त हुआ।आर्यिका 105 निर्मद मति माताजी की पिच्छिका का परिवर्तनइसी क्रम में आर्यिका 105 निर्मद मति माताजी की नवीन पिच्छिका का विमोचन पंकज भैया, रोहित-रोशनी जैन खबरा वालों एवं अन्य श्रावक-श्राविकाओं द्वारा किया गया। माताजी की पुरानी पिच्छिका प्राप्त करने का सौभाग्य श्रावक श्रेष्ठी यशवंत कुमार जैन परिवार को मिला। वहीं नवीन पिच्छिका अर्पित करने का पुण्य लाभ श्रावक-श्राविकाओं, युवा वर्ग, विधान के प्रमुख पात्रों एवं इंद्र-इंद्राणियों को प्राप्त हुआ। पिच्छिका परिवर्तन समारोह के अवसर पर युवक-युवतियों, छोटे बच्चों एवं महिलाओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य एवं गायन की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। संगीतमय भजनों और धार्मिक प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। इंद्र-इंद्राणियों सहित जैन समाज के युवा, बुजुर्ग, महिलाएं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक पूजा-अर्चना एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागिता की। इस भव्य समारोह में पवई, पन्ना, सतना, भिलाई, गुनौर, सलेहा, ककरहटी सहित विभिन्न नगरों से जैन समाज के श्रावक-श्राविकाओं के साथ अन्य समाज के लोगों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ प्राप्त किया। नगर में इतने भव्य और भक्तिमय वातावरण में श्री सिद्ध चक्र महामंडल विधान एवं पिच्छिका परिवर्तन समारोह का आयोजन होना सकल दिगंबर जैन समाज के लिए हर्ष और गौरव का विषय रहा। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति, उल्लास और धार्मिक एकता की अनुपम छटा देखने को मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button