पन्ना-अमानगंज मार्ग पर चलते ट्रक में लगी आग, मचा हड़कंप
मकरगंज सिमरिया मोड़ के पास दोपहर में हुआ हादसा

पन्ना। पन्ना-अमानगंज मार्ग पर गुरुवार, 5 नवंबर को दोपहर में मकरगंज सिमरिया मोड़ के पास एक चलते ट्रक में अचानक आग लग गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख सड़क से गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रत्यक्षदर्शी राहगीर अमर पटेल ने बताया कि वे पन्ना से अमानगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें दूर से काला धुआं और आग की लपटें दिखाई दीं। ट्रक में आग की सूचना फैलते ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक ट्रक का काफी हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। उक्त वाहन जेके सीमेंट प्लांट का बताया जा रहा है।




