UP News: झांसी में UP RISE 2026 का आयोजन, ऑन मिंट बना विनर और इक्षू को मिला रनर अवार्ड

UP News: उत्तर प्रदेश के झांसी में सोमवार को युवाओं और नए स्टार्टअप्स को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से UP RISE 2026 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के गांधी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम ‘संवाद, संकल्प और सफलता’ रही। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के साथ आसपास के कई जिलों से आए युवा नवाचारियों और स्टार्टअप फाउंडर्स ने हिस्सा लिया। इस दौरान युवाओं ने विशेषज्ञों के सामने अपने नए बिजनेस और स्टार्टअप आइडिया पेश किए।
कार्यक्रम का उद्घाटन बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मुकेश पांडेय ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को अपने आइडिया को आगे बढ़ाने और उन्हें व्यावहारिक रूप देने का अवसर देते हैं। कार्यक्रम में स्टार्टअप्स, विद्यार्थियों, शिक्षकों, मेंटर्स और एक्सपर्ट्स की मौजूदगी रही।
युवाओं को सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
UP RISE 2026 के दौरान युवाओं और नवाचारियों को उत्तर प्रदेश सरकार की उन योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई, जिनकी मदद से वे अपने स्टार्टअप के लिए आर्थिक सहायता या कारोबार के लिए ऋण प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम स्थल पर संबंधित विभागों की ओर से अलग-अलग काउंटर भी लगाए गए। इन काउंटरों के माध्यम से युवाओं को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इसका उद्देश्य युवाओं को केवल अपने आइडिया पेश करने तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें सरकारी योजनाओं और वित्तीय सहायता के जरिए अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के रास्ते भी बताना था।
उत्तर प्रदेश में UP RISE जैसे आयोजनों के जरिए युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय अपने विचारों के आधार पर रोजगार पैदा करने वाले उद्यमी बनने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

12 स्टार्टअप्स ने एक्सपर्ट्स के सामने पेश किए आइडिया
कार्यक्रम में कुल 12 स्टार्टअप टीमों ने अपने आइडिया विशेषज्ञों के सामने प्रस्तुत किए। युवाओं ने अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े अपने बिजनेस मॉडल और नवाचार को लेकर प्रस्तुतियां दीं।
प्रस्तुत किए गए आइडिया का मूल्यांकन विशेषज्ञों और निर्णायक मंडल ने किया। विशेषज्ञों ने युवाओं की प्रस्तुतियों को ध्यान से सुना और उन्हें अपने बिजनेस आइडिया को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी दिए। साथ ही युवाओं को यह जानकारी दी गई कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर वे अपने स्टार्टअप को आगे कैसे बढ़ा सकते हैं।
‘ऑन मिंट’ बना विनर, ‘इक्षू’ को रनर अवार्ड
स्टार्टअप आइडिया की प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अभिषेक और निशांत के स्टार्टअप ‘ऑन मिंट’ को विनर घोषित किया गया। वहीं जुनैद रिजवान और सागर के स्टार्टअप ‘इक्षू’ को रनर अवार्ड दिया गया।
पुरस्कार मिलने से युवा स्टार्टअप फाउंडर्स का उत्साह बढ़ा। कार्यक्रम में मौजूद विशेषज्ञों ने भी प्रतिभागियों को अपने आइडिया पर लगातार काम करने और उसे व्यावहारिक बिजनेस मॉडल में बदलने के लिए प्रोत्साहित किया।
एक्सपर्ट्स और मेंटर्स ने युवाओं को दिए सुझाव
कार्यक्रम में मेंटोर और निर्णायक मंडल के तौर पर कनेक्स्ट मारकॉम के डायरेक्टर अलाय रिजवी, स्टूफिट के सीईओ डॉ. सैयद शुजात हैदर जाफरी और इंस्टीट्यूशंस इनोवेशन काउंसिल के प्रेसिडेंट डॉ. नूर आलम खान मौजूद रहे।
इसके अलावा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रोफेसर एम.एम. सिंह, डॉ. संदीप और अन्य विशेषज्ञ भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं के आइडिया को लेकर जरूरी सुझाव दिए और उन्हें स्टार्टअप की राह में आने वाली चुनौतियों को समझने में मदद की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद कवि मुकुल शर्मा ने अपनी रचनाएं भी प्रस्तुत कीं। इससे कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों और युवाओं का उत्साह बढ़ा।
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में मददगार होंगे ऐसे आयोजन
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर मुकेश पांडेय ने कहा कि विकसित भारत 2047 की संकल्पना को पूरा करने में UP RISE जैसे कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि उन्हें मिलने वाले अवसरों का लाभ उठाने के लिए तैयार रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में नवाचार, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता की भावना को मजबूत करते हैं। युवाओं के नए विचारों को सही मार्गदर्शन और आर्थिक सहायता मिले तो वे भविष्य में रोजगार देने वाले सफल उद्यम खड़े कर सकते हैं।
UP RISE 2026 का उद्देश्य भी प्रदेश के युवाओं को उनके विचारों और प्रतिभा के लिए मंच देना तथा उन्हें स्टार्टअप और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ना है।



