मझगांय बांध प्रभावित गांवों में शिविर लगाकर समस्याओं का निराकरण
कलेक्टर के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त, 15 दिन में शिकायतों के समाधान का लक्ष्य

अजयगढ़। मझगांय बांध प्रभावित किसानों की समस्याओं और विस्थापन राशि वितरण में हुई त्रुटियों के निराकरण के लिए अब प्रशासन गांवों में पहुंचकर कार्रवाई कर रहा है। समाजसेवी अमित भटनागर के नेतृत्व में लंबे समय से चल रहे आंदोलन के बाद पन्ना कलेक्टर हर्ष सिंह ने प्रभावित किसानों और अमित भटनागर से चर्चा कर 15 दिनों के भीतर जायज मांगों का निराकरण करने का आश्वासन दिया था। कलेक्टर ने कहा था कि किसानों को समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि अधिकारी गांव पहुंचकर मौके पर ही शिकायतें सुनेंगे और स्थल निरीक्षण कर समाधान करेंगे। इस आश्वासन के बाद किसानों ने आंदोलन समाप्त कर दिया था। कलेक्टर के निर्देश पर अगले ही दिन से राजस्व और जल संसाधन विभाग का अमला प्रभावित गांवों में पहुंचकर जनचैपाल लगा रहा है। सुबह 11 बजे से एसडीएम आलोक मार्को, तहसीलदार सुरेंद्र कुमार और जल संसाधन विभाग के एसडीओ हजारीलाल प्रजापति अपने-अपने अमले के साथ ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं। सबसे पहले ग्राम टपरिया में जनचैपाल आयोजित की गई, जहां ग्रामीणों की शिकायतें सुनकर उनके निराकरण की कार्रवाई की गई। सर्वे में हुई त्रुटियों की जांच के लिए अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण भी किया। प्रशासन की योजना के अनुसार टपरिया, सर्रा, बालूपुर और कुंवरपुर सहित सभी प्रभावित क्षेत्रों में शिविर लगाकर तथा घर-घर पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनी जाएंगी। तहसीलदार सुरेंद्र कुमार ने बताया कि एसडीएम आलोक मार्को के निर्देशन में राजस्व अमला और एसडीओ हजारीलाल प्रजापति के नेतृत्व में जल संसाधन विभाग की टीम शिकायतों का निराकरण कर रही है। उन्होंने बताया कि 15 दिनों के भीतर मझगांय बांध प्रभावित किसानों की समस्याओं का समाधान करने का लक्ष्य रखा गया है।




