कलेक्टर ने सिंचाई परियोजनाओं के विस्थातिपों से किया संवाद

पन्ना। कलेक्टर हर्ष सिंह ने गत गुरुवार को कुंवरपुर और बनहरीकलां पहुंचकर विस्थापित परिवारों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मझगांय मध्यम सिंचाई परियोजना के तहत पात्र व्यक्तियों को पुनर्वास पैकेज की अतिरिक्त राशि के वितरण कार्य की प्रगति एवं प्रक्रिया का जायजा लिया। उपस्थित विस्थापितजनों से बारी-बारी से संवाद कर समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन भी प्राप्त किए। जिला कलेक्टर ने जानकारी दी कि प्रत्येक पात्र विस्थापितों को निश्चित रूप से मुआवजा एवं अतिरिक्त मुआवजा राशि मिलेगी। पंचायत कार्यालय में विशेष सुनवाई सेल का गठन भी किया जाएगा। यहां ड्यूटीरत लोकसेवक तत्परतापूर्वरक रूंझ एवं मझगांय परियोजना से संबंधित सुनवाई करने के साथ शिकायतों का निराकरण भी सुनिश्चित करवाएंगे। विस्थापन एवं पुनर्वास संबंधी कार्यों के लिए किसी को भटकने की आवश्यकता नहीं है। कलेक्टर ने कहा कि संयुक्त दल द्वारा गांव-गांव पहुंचकर निरंतर सर्वे और सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। साथ ही गांव में कियोस्क सुविधा के लाभ और नियमित रूप से नोटरी वेंडर की बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। संबंधित विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में घर-घर जाकर भी संपर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी ग्रामीणजनों से संपर्क नंबर भी साझा करें। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर आवश्यक भौतिक सत्यापन करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी, एसडीएम आलोक मार्को एवं जनपद पंचायत सीईओ सतीश नागवंशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।




