दहेज में के नाम पर नवविवाहिता को किया प्रताड़ित, आरोपी पति गिरफ्तार

देवेंद्रनगर। थाना देवेंद्रनगर पुलिस ने दहेज में एक लाख रुपये एवं मोटरसाइकिल की मांग कर नवविवाहिता को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक पन्ना सव्यसाची सर्राफ के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पन्ना के मार्गदर्शन में पुलिस द्वारा मामले में त्वरित वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 अक्टूबर 2026 को ग्राम बड़ा मुटवाकला में 21 वर्षीय नवविवाहिता राखी आदिवासी द्वारा अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना पर थाना देवेंद्रनगर में मर्ग कायम कर तहसीलदार देवेंद्रनगर द्वारा पंचनामा कार्रवाई की गई तथा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।मर्ग जांच के दौरान मृतिका के मायके पक्ष के साक्षियों के कथन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य भौतिक तथा परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि मृतिका का पति रामजान आदिवासी 23 वर्ष, निवासी ग्राम बड़ा मुटवाकला, दहेज में एक लाख रुपये और मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।जांच में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) एवं दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3ध्4 के तहत अपराध पाए जाने पर 24 अक्टूबर 2026 को प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्षियों के कथनों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं उपलब्ध भौतिक व परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी पति रामजान आदिवासी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




