आज पन्ना में होगा ‘वोट रक्षक अभियान’ का शुभारंभ
डॉ. पुष्पा अमरनाथ लेंगी कांग्रेसजनों की बैठक

पन्ना। जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना के जिलाध्यक्ष अनीस खान ने जानकारी देते हुए बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष माननीय श्री जीतू पटवारी जी के मार्गदर्शन में देशभर में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के अंतर्गत ‘वोट रक्षक अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 19 नवंबर 2026 को दोपहर 1 बजे जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय इंदिरा भवन, पन्ना में कर्नाटक सरकार की राज्य गारंटी कार्यान्वयन प्राधिकरण की उपाध्यक्ष डॉ. पुष्पा अमरनाथ जी की उपस्थिति में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में अभियान की रूपरेखा, बूथ स्तर पर वोट रक्षकों की नियुक्ति एवं प्रशिक्षण तथा मतदाता सूची में नाम काटे जाने से संबंधित मामलों के सत्यापन पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर भोपाल में विशाल ‘संविधान रक्षा मार्च’ आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ एवं ‘वोट रक्षक अभियान’ को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा। अभियान के तहत 22 नवंबर तक प्रत्येक बूथ पर कम से कम एक वोट रक्षक नियुक्त किया जाएगा। 22 से 30 नवंबर तक हटाए गए मतदाताओं का बूथ स्तर पर सत्यापन किया जाएगा तथा 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक ग्राम स्तर पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ चैपालों’ का आयोजन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष अनीस खान ने जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, विधानसभा प्रभारियों, ब्लॉक एवं मंडलम अध्यक्षों, मोर्चा संगठनों, विभागों, प्रकोष्ठों तथा समस्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बैठक में उपस्थित होकर अभियान को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस का यह अभियान जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।




