पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

कनेरी के कोर क्षेत्र में तीन दिन से चल रहा ग्रामीणों का धरना समाप्त

वरिष्ठ अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण लौटे घर

पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में स्थित पूर्व ग्राम कनेरी में अपनी समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर 19 नवंबर से चल रहा ग्रामीणों का धरना 21 नवंबर को समाप्त हो गया। पन्ना टाइगर रिजर्व प्रबंधन, जिला प्रशासन और वरिष्ठ वन अधिकारियों के संयुक्त प्रयासों तथा आश्वासन के बाद ग्रामीण स्वेच्छा से अपने घर लौट गए। टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने अपने वाहनों से सभी ग्रामीणों को सुरक्षित उनके घरों तक पहुंचाया। पन्ना टाइगर रिजर्व के अनुसार, ग्राम कनेरी का विस्थापन वर्ष 2007-08 में ग्राम सभा और ग्रामीणों की सहमति से किया गया था। 24 जनवरी 2008 को पात्र परिवारों के लिए कलेक्टर द्वारा अवार्ड पारित किया गया तथा तत्कालीन पुनर्वास पैकेज के तहत मकान निर्माण, परिवहन और प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया गया था। पुनर्वास के लिए पुखरा क्षेत्र में प्रत्येक पात्र परिवार को दो-दो हेक्टेयर कृषि भूमि आवंटित की गई थी। प्रबंधन का कहना है कि ग्रामीणों ने उस समय पुखरा स्थल का चयन किया था, लेकिन बाद में कम उपजाऊ भूमि बताकर वहां जाने से इनकार कर दिया। अधिकांश परिवार आवंटित भूमि अस्वीकार कर छतरपुर जिले के सूरजपुरा सहित अन्य स्थानों पर रहने लगे। प्रबंधन के मुताबिक, ग्रामीणों को कृषि भूमि उपलब्ध कराने के लिए वनमंडल छतरपुर में वनभूमि व्यपवर्तन का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है, जो प्रक्रियाधीन है। इसी मांग को लेकर ग्रामीण पुराने ग्राम स्थल पर पहुंचे थे। सूचना मिलने पर क्षेत्र संचालक नरेश सिंह यादव और उप संचालक बीरेन्द्र कुमार पटेल मौके पर पहुंचे। कोर क्षेत्र में बाघ और अन्य वन्यप्राणियों की मौजूदगी को देखते हुए महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई। दोनों अधिकारी पूरी रात खुले आसमान के नीचे ग्रामीणों के साथ रहे और वन अमले को निगरानी में लगाया। 20 नवंबर को कलेक्टर हर्ष सिंह ने भी ग्रामीणों से चर्चा कर समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया। 21 नवंबर को प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) एवं मुख्य वन्यजीव अभिरक्षक डॉ. समीता राजौरा के मार्गदर्शन में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एल. कृष्णमूर्ति, कलेक्टर हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ, क्षेत्र संचालक नरेश सिंह यादव और उप संचालक बीरेन्द्र कुमार पटेल सहित अधिकारियों का दल कनेरी पहुंचा। ग्रामीणों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय प्रयासों का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद उन्होंने धरना समाप्त कर दिया। पूरे घटनाक्रम में किसी अप्रिय घटना या मनुष्य-वन्यजीव को नुकसान की सूचना नहीं मिली। टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने विस्थापित परिवारों की समस्याओं के समाधान के लिए शासन और जिला प्रशासन के समन्वय से प्रयास जारी रखने की बात कही है। साथ ही नागरिकों से बाघों और अन्य वन्यप्राणियों के प्राकृतिक रहवास वाले कोर क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button