पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्कसागर संभाग

पन्ना जल संसाधन विभाग में लोकायुक्त का छापा

45 हजार की रिश्वत लेते डिविजनल एकाउंटेंट और लिपिक पकड़े

मझगांय बांध की नहर का 25 लाख का बिल पास कराने के बदले मांगी थी घूस, ठेकेदार की शिकायत पर सागर लोकायुक्त की कार्रवाई

पन्ना। जल संसाधन विभाग पन्ना में बुधवार को सागर लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। लोकायुक्त टीम ने विभाग के डिविजनल एकाउंटेंट दीपक परिहार और लिपिक अरविंद पाठक को कुल 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। आरोप है कि मझगांय बांध की नहर निर्माण का लंबित बिल पास कराने के एवज में ठेकेदार से रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत का सत्यापन होने के बाद लोकायुक्त टीम ने 28 अक्टूबर को विभागीय कार्यालय में कार्रवाई की।

जानकारी के अनुसार, ग्वालियर निवासी ठेकेदार गौरव तोमर की फर्म मां वैष्णु कंस्ट्रक्शन द्वारा मझगांय बांध की नहर का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ठेकेदार के तीन बिलों का भुगतान हो चुका था, जबकि लगभग 25 लाख रुपये का चौथा बिल लंबित था। आरोप है कि इस बिल को पास कराने के लिए विभागीय कर्मचारी लगातार रुपयों की मांग कर रहे थे।

तीन महीने से परेशान था ठेकेदार, लोकायुक्त से की शिकायत

शिकायतकर्ता गौरव तोमर के मुताबिक, बिल के भुगतान के लिए उन्हें करीब तीन महीने से परेशान होना पड़ रहा था। संबंधित कर्मचारी फोन पर बातचीत करने से बचते थे और भुगतान के बदले रुपयों की मांग कर रहे थे। परेशान होकर उन्होंने सागर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।

लोकायुक्त डीएसपी कमल सिंह उईके के अनुसार, शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई। बुधवार दोपहर जैसे ही आरोपियों ने शिकायतकर्ता से रकम ली, लोकायुक्त टीम ने उन्हें पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान डिविजनल एकाउंटेंट दीपक परिहार को 15 हजार रुपये और लिपिक अरविंद पाठक को 30 हजार रुपये लेते पकड़ा गया। दोनों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की गई है।

कार्यपालन यंत्री का बयान भी चर्चा में, बोले- कोई खुशी से दे तो ले लेते हैं

लोकायुक्त की कार्रवाई के बाद जल संसाधन संभाग पन्ना के कार्यपालन यंत्री सी.बी. अहिरवार का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें उन्होंने कहा कि उनके संज्ञान में आने वाले मामलों पर तत्काल कार्रवाई की जाती है और जानबूझकर कोई कागज नहीं रोका जाता। भुगतान में देरी का प्रमुख कारण फंड की कमी होना बताया।

कमीशन के संबंध में पूछे गए सवाल पर अहिरवार ने कहा कि उनका अथवा सब इंजीनियर का कोई प्रतिशत या कमीशन निर्धारित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई अपनी खुशी से कुछ दे देता है तो वे ले लेते हैं, लेकिन रिश्वत की मांग करना गलत है। उनके इस बयान को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

फिलहाल लोकायुक्त पुलिस दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले की आगे जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button