शंघाई में हुनर का परचम लहराने वाले अजय अहिरवार को प्रधानमंत्री से मिलने का अवसर
जेके सीमेंट के यदुपति सिंघानिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से लिया था प्रारंभिक प्रशिक्षण

विश्व कौशल प्रतियोगिता में किया भारत का प्रतिनिधित्व
पन्ना। प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर पन्ना जिले के युवा अजय अहिरवार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाकर जिले का नाम रोशन किया है। शंघाई में आयोजित विश्व कौशल प्रतियोगिता में ब्रिकलेइंग (ईंट चिनाई) के क्षेत्र में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले अजय को अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात का अवसर मिला है। उनकी इस उपलब्धि से जिले में गौरव का माहौल है।
अजय अहिरवार ने अपने कौशल को निखारने की शुरुआत पन्ना में ही की थी। वे जेके सीमेंट द्वारा संचालित यदुपति सिंघानिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के छात्र रहे हैं। इसी संस्थान से उन्होंने ब्रिकलेइंग का प्रारंभिक प्रशिक्षण प्राप्त किया और तकनीकी बारीकियों को सीखकर अपने हुनर को बेहतर बनाया। स्थानीय स्तर पर मिले प्रशिक्षण के बाद अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना उनकी मेहनत और समर्पण को दर्शाता है।
संस्थान के प्राचार्य मनीष कुमार बुनकर ने अजय की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान से प्रारंभिक प्रशिक्षण प्राप्त कर अजय ने अपने हुनर को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया है। यह उपलब्धि संस्थान के साथ-साथ पूरे पन्ना जिले के लिए गर्व का विषय है।
उन्होंने कहा कि अजय की सफलता अन्य युवाओं को भी कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। यह उपलब्धि संदेश देती है कि उचित प्रशिक्षण, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प के बल पर छोटे शहरों और गांवों के युवा भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
अजय अहिरवार की उपलब्धि पन्ना के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और कौशल आधारित शिक्षा की संभावनाओं को भी रेखांकित करती है।




