पुराने कच्चे कुएं में गिरे जंगली सूअर का वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

पन्ना। दक्षिण पन्ना वनमंडल के सलेहा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरहा में एक जंगली सूअर पुराने कच्चे कुएं में गिर गया। इसकी सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाकर जंगली सूअर को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उसे जंगल की ओर छोड़ दिया गया। जानकारी के अनुसार घटना सलेहा बीट के ग्राम बिरहा के राजस्व क्षेत्र की है। पुराने कच्चे कुएं में जंगली सूअर के गिरने की सूचना मिलते ही वन अमले ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू की कार्रवाई शुरू की। टीम ने सतर्कता के साथ जंगली सूअर को कुएं से बाहर निकाला, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी। इस रेस्क्यू अभियान में परिक्षेत्र सहायक सलेहा बालस्वरूप दहायत सहित वनकर्मी बिहारी यादव, मथुरा प्रसाद, महेंद्र अग्रहरि, उदय सिंह सिंगरौल, उमादत्त द्विवेदी, कुलदीप सिंह, रजनीश चैधरी, प्रीति दुबे एवं सुरक्षा श्रमिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दक्षिण पन्ना वनमंडल द्वारा वन्यजीवों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कोई वन्यजीव संकट में दिखाई दे या आबादी क्षेत्र में पहुंच जाए तो उससे स्वयं छेड़छाड़ करने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते उसकी सुरक्षा के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके।




