मड़ला घाट में जाम से निपटने पुलिस और जेके सीमेंट ने बनाई संयुक्त योजना
चार किलोमीटर के घाट मार्ग पर 24 घंटे तैनात रहेंगे 4 से 5 मार्शल वॉलंटियर और क्रेन

शाम 5 से रात 11 बजे तक रहेगा यातायात पुलिस का विशेष अमला
पन्ना। पन्ना टाइगर रिजर्व क्षेत्र के मड़ला घाट में लगातार लगने वाले जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन और जेके सीमेंट ने संयुक्त रूप से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की योजना तैयार की है। इसके तहत घाट के करीब चार किलोमीटर लंबे मार्ग पर जेके सीमेंट के 4 से 5 मार्शल वॉलंटियर चार पहिया वाहनों से लगातार गश्त करेंगे। वहीं पांडव फॉल के पास एक क्रेन 24 घंटे उपलब्ध रहेगी, ताकि वाहन खराब होने या दुर्घटना की स्थिति में तत्काल रास्ता खाली कराया जा सके। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक सव्यसाची सराफ ने पुलिस प्रशासन और जेके सीमेंट फैक्ट्री के अधिकारियों के साथ बैठक कर घाट क्षेत्र की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में घाट के तीखे मोड़ों, संकरे रास्तों और जाम की आशंका वाले स्थानों पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने तय किया कि वाहनों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए पुलिस और कंपनी के कर्मचारी आपसी समन्वय से काम करेंगे। प्रशासन ने भेरो टेक मंदिर, भारत पेट्रोलियम, लक्ष्मण पुलिया, चैकी मोड़ और बड़ी घूम को जाम की आशंका वाले प्रमुख स्थानों के रूप में चिह्नित किया है। इन स्थानों पर शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक वाहनों का दबाव सबसे अधिक रहता है। इस अवधि में यातायात पुलिस का विशेष बल तैनात रहेगा, जो वाहनों की आवाजाही पर नजर रखेगा और जरूरत पड़ने पर यातायात को नियंत्रित करेगा। घाट के कुछ हिस्सों में मोबाइल नेटवर्क की समस्या रहती है। ऐसे स्थानों पर तैनात पुलिसकर्मी वॉकी-टॉकी के माध्यम से एक-दूसरे और अधिकारियों से संपर्क बनाए रखेंगे। वहीं जिन स्थानों पर मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध है, वहां अधिकारियों के मोबाइल नंबर बड़े अक्षरों में प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर वाहन चालक सीधे संपर्क कर सकें। योजना के तहत जेके सीमेंट फैक्ट्री के 4 से 5 मार्शल वॉलंटियर चार पहिया वाहनों से घाट मार्ग पर लगातार गश्त करेंगे। रास्ते में किसी वाहन के खराब होने या बीच सड़क पर रुकने की स्थिति में ये वॉलंटियर तत्काल पुलिस को सूचना देंगे। इसके अलावा पांडव फॉल के पास क्रेन 24 घंटे तैनात रहेगी। दुर्घटना या वाहन खराब होने पर क्रेन की सहायता से संबंधित वाहन को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया जाएगा। पुलिस प्रशासन और जेके सीमेंट की इस संयुक्त व्यवस्था का उद्देश्य मड़ला घाट के संकरे और घुमावदार रास्ते पर जाम की स्थिति को नियंत्रित करना तथा वाहन चालकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।




