पुताई करते समय सांप ने डसा, झाड़-फूंक में बीता कीमती समय, महिला की मौत
नरगी गांव की घटना, हालत बिगड़ने पर अमानगंज से जिला अस्पताल किया गया था रेफर

पन्ना। जिले के पवई थाना क्षेत्र अंतर्गत नरगी गांव में सांप के डसने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला घर की पुताई कर रही थी, तभी सांप ने उसे डस लिया। बताया जाता है कि घटना के बाद परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक कराने में जुटे रहे। हालत अधिक बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान चंदा बाई लोधी 60 वर्ष पत्नी बिहारी लोधी, निवासी नरगी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे चंदा बाई घर की पुताई कर रही थीं। इसी दौरान सांप ने उन्हें डस लिया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। मृतका के रिश्ते के भाई तीरथ प्रसाद लोधी के मुताबिक, शुरुआत में नीम की पत्ती और नमक खिलाकर स्थिति परखने की कोशिश की गई। इसके बाद परिजन घर पर ही नीम की पत्तियों से झाड़-फूंक कराने लगे। बाद में महिला को पास के उमरिया गांव ले जाया गया, जहां करीब एक घंटे तक झाड़-फूंक कराई गई। इस दौरान महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ और उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती गई। महिला की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे वापस घर लाए और फिर अमानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार रात चंदा बाई ने दम तोड़ दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपायों में समय गंवाने के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचकर उपचार कराना जरूरी है।




