आईटीआई में कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
नगर पालिका अध्यक्ष और भाजपा जिलाध्यक्ष ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह

पन्ना। युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगारोन्मुख कौशल के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पन्ना स्थित आईटीआई कॉलेज में कौशल दीक्षांत समारोह 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना विष्णु पांडे मुख्य अतिथि तथा भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धियों की सराहना करते हुए मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि आज के दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक कौशल भी युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आईटीआई जैसे संस्थान युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ते हैं। कौशल आधारित शिक्षा से युवा आत्मनिर्भर बनने के साथ देश के विकास में भी योगदान दे सकते हैं। मुख्य अतिथि मीना विष्णु पांडे और विशिष्ट अतिथि बृजेंद्र मिश्रा ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सफलता के लिए मेहनत, लगन और अनुशासन जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपने हुनर को निखारने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। समारोह में जिला उपाध्यक्ष कमल लालवानी, नगर मंडल अध्यक्ष कैलाश गुप्ता, मनोज केसरवानी, राकेश चैबे, दीपेश व्यास, ओप्पो मजूमदार सहित भाजपा पदाधिकारी, नेता, आईटीआई संस्थान के स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह के माध्यम से विद्यार्थियों को कौशल, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।




