अजयगढ़ क्षेत्र में आबकारी विभाग की दबिश, दो आरोपियों से 4.32 बल्क लीटर अवैध शराब जब्त
विश्रामगंज, आरामगंज, सिंहपुर और निम्हा में तलाशी अभियानय मध्यप्रदेश-उत्तरप्रदेश सीमा पर भी वाहनों की जांच

पन्ना। जिले में अवैध शराब के संग्रहण, विक्रय और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अजयगढ़ वृत्त की टीम ने विश्रामगंज, आरामगंज, सिंहपुर और निम्हा गांव में औचक दबिश देकर दो आरोपियों के कब्जे से कुल 4.32 बल्क लीटर अवैध देशी मदिरा जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। आबकारी उप निरीक्षक विक्रांत जैन के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चिन्हित घरों, दुकानों और ढाबों की तलाशी ली गई। इस दौरान ग्राम निम्हा निवासी बिट्टी यादव 36 वर्ष, पिता बिट्टा यादव के कब्जे से 3.60 बल्क लीटर तथा ग्राम सिंहपुर निवासी रमेश कुशवाहा 35 वर्ष, पिता नत्थू कुशवाहा के कब्जे से 0.72 बल्क लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई। दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 36(ए) के तहत अलग-अलग प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए हैं। कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने धर्मपुर स्थित मदिरा दुकान का भी सघन निरीक्षण किया। साथ ही ग्रामीणों को अवैध शराब के विक्रय तथा असली-नकली मदिरा की पहचान के संबंध में जागरूक किया गया। इसके बाद टीम ने धर्मपुर के पास मध्यप्रदेश-उत्तरप्रदेश सीमा पर वाहनों की जांच की, ताकि अवैध मदिरा के परिवहन और बिक्री पर नियंत्रण किया जा सके।
आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना और कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी मुकेश कुमार मौर्य के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। कार्रवाई में शंभू दयाल सिंह, आबकारी उप निरीक्षक विक्रांत जैन, आबकारी आरक्षक रविप्रकाश मिश्रा तथा नगर सैनिक वीरेंद्र यादव, कौशल्याबाई और अवधेश तिवारी शामिल रहे। विभाग के अनुसार, अजयगढ़ क्षेत्र में जारी विशेष अभियान के तहत अब तक आबकारी अधिनियम 1915 के अंतर्गत कुल 30 प्रकरण दर्ज किए गए हैं और करीब 161 बल्क लीटर अवैध मदिरा जब्त की गई है। विभाग ने अवैध शराब के संग्रहण, विक्रय और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।




