पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

पन्ना में शिकारियों के फंदे ने ली बाघिन की जान, गले में क्लच वायर का फंदा कसने से मौत

पन्ना टाइगर रिजर्व की कोर रेंज से लगे जंगल में मिला वयस्क बाघिन का शव

कई दिन तक फंदे में फंसे रहने की आशंका, डॉग स्क्वाड के साथ वन विभाग की सर्चिंग शुरू

पन्ना। टाइगर स्टेट मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उत्तर वन मंडल की पन्ना रेंज अंतर्गत मनकी बीट के वन कक्ष क्रमांक पी-390 में एक वयस्क बाघिन का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। बाघिन के गले में क्लच वायर का फंदा बुरी तरह कसा हुआ मिला है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात शिकारियों द्वारा वन्यजीवों के शिकार के लिए लगाए गए फंदे में फंसने के कारण बाघिन की दम घुटने से मौत हुई है। घटना सामने आने के बाद वन विभाग ने जांच और आसपास के जंगल में सर्चिंग शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार मनकी गांव के समीप जिस जंगल में बाघिन का शव मिला है, वह पन्ना टाइगर रिजर्व की कोर रेंज से लगा हुआ है। बाघिन के गले में फंदे के कारण बने गहरे घावों को देखकर यह आशंका भी जताई जा रही है कि वह कई दिन पहले इस फंदे में फंस गई होगी। घायल अवस्था में खुद को छुड़ाने के लिए संघर्ष करते हुए वह जंगल में भटकती रही और अंततः उसकी मौत हो गई।

हालांकि, बाघिन की मौत के वास्तविक कारणों और फंदा लगाने वाले व्यक्ति की पहचान जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही उप वनमंडलाधिकारी कृष्णा मरावी, पन्ना रेंजर अजय वाजपेई सहित वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड की सहायता से घटनास्थल के आसपास के जंगल में सर्चिंग कराई जा रही है, ताकि फंदा लगाने वाले अज्ञात व्यक्ति या अन्य संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में सुराग मिल सके।शिकारियों के फंदे वन्यजीवों के लिए बड़ा खतरा जंगलों में अवैध शिकार के लिए लगाए जाने वाले तार और क्लच वायर के फंदे वन्यजीवों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। ऐसे फंदों में छोटे वन्यजीवों के साथ बड़े जानवर भी फंस जाते हैं। इस घटना ने जंगलों में अवैध शिकार पर प्रभावी नियंत्रण और वन्यजीवों की सुरक्षा के इंतजामों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। खास बात यह है कि घटना उस वन क्षेत्र में हुई है, जो पन्ना टाइगर रिजर्व की कोर रेंज से लगा हुआ है। अब वन विभाग के सामने बाघिन की मौत के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ फंदा लगाने वाले अज्ञात व्यक्ति तक पहुंचने की चुनौती है। जांच में यह भी महत्वपूर्ण होगा कि क्षेत्र में इस तरह के अन्य फंदे तो नहीं लगाए गए हैं। एक वयस्क बाघिन की इस तरह मौत वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से गंभीर घटना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button