अमानगंज में धूमधाम से मनाई गई राज अजमेर सिंह की जन्म जयंती
स्वर्णकार समाज ने निकाली भव्य शोभायात्रा

जगह-जगह पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत, सिद्धिविनायक वाटिका में प्रतिभावान बच्चों को किया सम्मानित
पन्ना/अमानगंज। नगर में स्वर्णकार समाज द्वारा राज अजमेर सिंह की जन्म जयंती उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर समाज के लोगों ने नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुषों और युवाओं ने भाग लिया। नगर के विभिन्न स्थानों पर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
शोभायात्रा के विधायक कार्यालय के सामने पहुंचने पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इस दौरान पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष हक्कुन दहायत ने समाज के लोगों को फूलमालाएं पहनाकर जयंती की शुभकामनाएं दीं। वहीं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ दुबे ने भी शोभायात्रा का स्वागत करते हुए समाज के लोगों को बधाई दी। जगह-जगह हुए स्वागत से आयोजन में उत्साह का माहौल बना रहा।
सिद्धिविनायक वाटिका में हुआ सम्मान समारोह
जयंती के उपलक्ष्य में सिद्धिविनायक वाटिका में मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्वर्णकार समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण और नई पीढ़ी को शिक्षा एवं प्रतिभा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। शोभायात्रा से लेकर सम्मान समारोह तक समाज के लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।




