पवई-अमानगंज मार्ग पर ट्राला और कार की आमने-सामने भिड़ंत
चैमुखा मोड़ पर तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

पवई। जिले के पवई-अमानगंज मुख्य मार्ग पर चैमुखा मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्राला और कार की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। कार चालक को मामूली चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार ट्राला क्रमांक सीजी-15 ईएफ-8039 अमानगंज से कटनी की ओर जा रहा था, जबकि कार क्रमांक एमपी-13 एजे-8996 पवई से अमानगंज की तरफ आ रही थी। इसी दौरान चैमुखा मोड़ के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। भिड़ंत के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। दुर्घटना में कार चालक को मामूली चोटें आईं। भीषण टक्कर के बावजूद किसी की जान नहीं जाने से लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि पवई-अमानगंज मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और तीखे मोड़ों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। नागरिकों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से चैमुखा मोड़ पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, चेतावनी संकेतक लगाने और वाहनों की गति नियंत्रित कराने की मांग की है।




