पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

आबकारी अधिकारी ने पांच शराब दुकानों का किया सघन निरीक्षण

लाइसेंस, स्टॉक, क्यूआर कोड और सीसीटीवी रिकॉर्ड की जांच

पन्ना। प्रदेशभर में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पन्ना में आबकारी विभाग ने शराब दुकानों की जांच तेज कर दी है। आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना और कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देश पर तथा उपायुक्त आबकारी सागर संभाग आलोक खरे के मार्गदर्शन में जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य ने विभागीय टीम के साथ पांच शराब दुकानों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मनोर, अमझिरिया, कृष्णा कल्याणपुर, सकरिया और देवेंद्र नगर स्थित शराब दुकानों के लाइसेंस, नौकरनामा, दैनिक विक्रय पंजी और मदिरा परिवहन परमिट की जांच की गई। दुकानों में उपलब्ध स्टॉक का विक्रय पंजी से मिलान किया गया। मदिरा की बोतलों के बैच नंबर और क्यूआर कोड का परिवहन परमिट से मिलान किया गया, वहीं बीयर की बोतलों की समाप्ति तिथि भी जांची गई। जिला आबकारी अधिकारी ने लाइसेंसियों को निर्देश दिए कि दुकान पर कार्यरत विक्रयकर्ताओं का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए। सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जांच करते हुए उनका रिकॉर्ड कम से कम 30 दिनों तक सुरक्षित रखने को कहा गया। साथ ही अत्यधिक शराब सेवन करने वाले ग्राहकों पर नजर रखने और बीमार, वृद्ध एवं अत्यधिक कमजोर व्यक्तियों को मदिरा नहीं बेचने के निर्देश दिए गए। ऐसे व्यक्तियों के दुकान पर आने की सूचना तत्काल विभाग को देने को भी कहा गया। दुकानों के आसपास ग्राहकों को बैठकर शराब पीने से रोकने और साफ-सफाई बनाए रखने की जिम्मेदारी भी संबंधित दुकानदारों को सौंपी गई। निरीक्षण के दौरान सहायक जिला आबकारी अधिकारी शंभू दयाल सिंह जाटव, आबकारी उपनिरीक्षक पन्ना मुकेश पाण्डेय, हरीश पाण्डेय, विक्रांत जैन सहित विभाग का कार्यपालिक अमला उपस्थित रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button