पन्नामध्यप्रदेशमध्यप्रदेश जनसंपर्क

सरकारी निर्माण के लिए मकान हटाने के नोटिस से गरीब परिवारों में चिंता

जनकपुर के प्रभावित रहवासियों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, खाली आबादी भूमि पर बसाने की मांग

पन्ना। शहर के पुरुषोत्तमपुर वार्ड क्रमांक 27 के जनकपुर क्षेत्र में शासकीय लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्योग विभाग के प्रस्तावित निर्माण कार्य को लेकर विवाद सामने आया है। प्रशासन की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस के बाद क्षेत्र में रहने वाले गरीब परिवारों को मकान हटाए जाने और बेघर होने की चिंता सता रही है। प्रभावित रहवासियों ने एकजुट होकर तहसीलदार अखिलेश प्रजापति को ज्ञापन सौंपा और अपने मकान बचाने की मांग की। प्रभावित रहवासी चुन्नी बाई ने बताया कि उनका परिवार कई वर्षों से इस जमीन पर मकान बनाकर रह रहा है। उनके पास राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न सरकारी सुविधाओं से जुड़े दस्तावेज भी हैं। इसके बावजूद कारण बताओ नोटिस मिलने से परिवारों के सामने भविष्य और आवास को लेकर चिंता खड़ी हो गई है। मामले में कांग्रेस नेता डॉ. जितेंद्र सिंह जाटव ने कहा कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर गरीब और आदिवासी परिवारों को उजाड़ना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि किसी भी तरह की कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की ठोस व्यवस्था की जाए। वहीं रहवासी सुन्नी बाई ने कहा कि यदि उनके मकान अचानक हटा दिए गए तो बच्चों और परिवार के सामने रहने तथा भरण-पोषण का संकट खड़ा हो जाएगा। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से मांग की है कि यदि उनके मकानों के कारण प्रस्तावित निर्माण कार्य में बाधा आ रही है, तो उन्हें उसी आराजी से लगी खाली आबादी भूमि पर बसाया जाए। इससे परिवारों को छत भी मिल सकेगी और सरकारी निर्माण कार्य का रास्ता भी निकल सकेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button