भक्ति के रंग में रंगा पवई, संत नामदेव की 756वीं जयंती धूमधाम से मनाई
हवन-पूजन, सुंदरकांड और भजन-कीर्तन के बाद कन्या भोज व विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु

पवई। संत शिरोमणि नामदेव जी महाराज की 756वीं जयंती पर शुक्रवार को पवई नगर में श्रद्धा और उत्साह के साथ धार्मिक आयोजन किए गए। नामदेव समाज पवई के तत्वावधान में आयोजित समारोह में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा। समाज के वरिष्ठजनों, महिलाओं, युवाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की। समारोह की शुरुआत गांधी चैक स्थित मंदिर में संत नामदेव जी महाराज के हवन-पूजन और धार्मिक अनुष्ठान के साथ हुई। इसके बाद मां काली मंदिर प्रांगण में संगीतमय हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया गया। भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के समापन पर कन्या भोज और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने संत नामदेव जी के जीवन और उनके आध्यात्मिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने भक्ति के माध्यम से प्रेम, समानता और मानवता का संदेश दिया। वे वारकरी संप्रदाय की भक्ति परंपरा के प्रमुख संतों में शामिल थे। उनकी वाणी में सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश मिलता है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब में भी उनके पद शामिल हैं। वक्ताओं ने कहा कि संत नामदेव जी ने जाति-पाति और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर मानवता को महत्व दिया। उनके विचार आज भी समाज को प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ रहने की प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर समाज के लोगों ने उनकी शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प लिया।




